नयी दिल्ली , अप्रैल 14 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष नितिन नवीन ने मंगलवार को कहा कि सरकार की योजनाएं बाबा साहब अंबेडकर के विचारों से प्रेरित है और इसी का अनुकरण करते हुए केंद्र सरकार 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' के माध्यम से लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने जा रही है।

श्री नितिन ने आज यहां भाजपा मुख्यालय में संविधान के शिल्पकार डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर उन्हें पुष्पांजलित अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने इस अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से बाबासाहेब को नमन करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि बाबा साहब अंबेडकर और दीनदयाल उपाध्याय ने समावेशी विकास के जरिए विकसित भारत का सपना देखा था, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार साकार करने का प्रयास कर रही है। महिलाओं के सशक्तिकरण को लेकर अंबेडकर के विचारों को आगे बढ़ाते हुए केंद्र सरकार 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' के माध्यम से लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने जा रही है।

भाजपा अध्यक्ष ने कांग्रेस और नेहरू-गांधी परिवार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि अतीत में अंबेडकर को उचित सम्मान नहीं मिला। उन्होंने कहा कि भाजपा समर्थित सरकार बनने के बाद ही बाबासाहेब को भारत रत्न से सम्मानित किया गया।

उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री ने अंबेडकर से जुड़े पंचतीर्थों का विकास, संविधान दिवस की शुरुआत और अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर की स्थापना जैसे कदम उठाकर उनके विचारों को सम्मान दिया है।

इस मौके पर भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित