अंबिकापुर, जनवरी 19 -- सरगुजा भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया के नेतृत्व में भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल सोमवारं को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज पहुँचा। यहाँ उन्होंने छत्तीसगढ़-झारखंड सीमा पर ओरसा घाट में हुए भीषण बस हादसे में घायल यात्रियों से मुलाकात कर उनका हाल-चाल जाना। इस दुर्घटना में 10 यात्रियों की मौतें हुई हैं।

रविवार को एक स्कूल बस में ग्रामीण झारखंड जा रहे थे तभी यह भीषण दुर्घटना हुई थी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कल ही बलरामपुर जिले के उच्च अधिकारियों को निर्देशित किया था कि घायलों का हर संभव त्वरित ईलाज संभव किया जाए। आज सोमवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मृतकों को पांच-पांच लाख मुआवजा राशि दिया जाएगा का ऐलान भी किया है।

सरगुजा जिला कार्यालय से मिली जानकारी जानकारी के मुताबिक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने अस्पताल में भर्ती घायलों से सीधे बात कर उनके इलाज की स्थिति की जानकारी ली। साथ ही चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और प्रशासनिक अधिकारियों से मिलकर उपचार व्यवस्था पर चर्चा की।

पदाधिकारी सिसोदिया ने स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देश दिए कि घायलों के इलाज में किसी भी प्रकार की कमी न रहे और गंभीर रूप से घायल मरीजों को बेहतरीन चिकित्सा सुविधा मिले। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में मानवता सर्वोपरि है और हर घायल तक पूरी सहायता पहुँचाना सामूहिक जिम्मेदारी है।

इस हादसे में अपनों को खोने वाले परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि यह दुर्घटना अत्यंत दुखद है। शोक की इस घड़ी में भाजपा सरगुजा परिवार पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ा है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार और भाजपा संगठन पीड़ितों के साथ पूरी तरह खड़े हैं। घायलों के समुचित इलाज और मृतकों के परिवारों को हरसंभव राहत व सहायता दिलाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

बताया गया है कि ओरसा घाट के इस दर्दनाक हादसे में कई लोगों की मृत्यु हो गई है, जबकि 70 यात्री घायल हुए हैं। इनमें से कई की हालत गंभीर बनी हुई है। 24 घायलों को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज जारी है। मृतक बलरामपुर जिले के निवासी बताए गए हैं।

सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित