अंबिकापुर , जुलाई 24 -- छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में कलेक्टर अजीत वसंत और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल ने शुक्रवार को शासकीय प्लेस ऑफ सेफ्टी (बालक) का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था और उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा में लापरवाही पाए जाने पर संस्था के अधीक्षक को निलंबित करने के निर्देश दिए गए।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी तथा ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के कार्यपालन अभियंता को भवन की खिड़कियों का आकार सुरक्षा की दृष्टि से छोटा करने, चारदीवारी पर लगी ग्रिल को अधिक मजबूत बनाने तथा भवन का विस्तृत परीक्षण कर सभी आवश्यक सुरक्षा संबंधी कार्य तत्काल शुरू कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने संस्थान में रह रहे बालकों की मानसिक स्थिति का आकलन कर आवश्यकता के अनुसार मनोवैज्ञानिक परामर्श उपलब्ध कराने तथा बार-बार संप्रेक्षण गृह से भागने वाले बच्चों को अन्य जिलों में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया प्रारंभ करने के निर्देश भी दिए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने प्लेस ऑफ सेफ्टी में स्थापित सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का ऑडिट कराने तथा प्लेस ऑफ सेफ्टी (बालक) और बाल संप्रेक्षण गृह (बालक) दोनों संस्थाओं का सुरक्षा ऑडिट कराने के निर्देश दिए।

इसके बाद कलेक्टर और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बाल संप्रेक्षण गृह (बालक) का भी निरीक्षण किया। भवन का अवलोकन करने के बाद ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के कार्यपालन अभियंता को आवश्यक मरम्मत एवं निर्माण कार्य तत्काल प्रारंभ कराने के निर्देश दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित