अंबिकापुर , सितंबर 10 -- छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव के भतीजे अभिरत सिंहदेव के साथ कथित रूप से मारपीट और लूट का मामला सामने आया है। कोतवाली पुलिस ने गोलू पठान, राज बंगाला समेत छह आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से गुरुवार को मिली जानकारी के अनुसार घटना कोतवाली थाना क्षेत्र में समलाया मंदिर के पास हुई। आरोप है कि अभिरत सिंहदेव का रास्ता रोककर राज बंगाला, गोलू पठान सहित चार से पांच युवकों ने उनके साथ मारपीट की। अभिरत सिंहदेव ने शिकायत में आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान उनकी जेब में रखे 2500 रुपये भी लूट लिए गए और उनका चश्मा तोड़ दिया गया। घटना में उन्हें गंभीर चोटें आई हैं।
शिकायतकर्ता के मुताबिक आरोपियों ने मारपीट के दौरान जान से मारने की धमकी देते हुए कहा, "हम यहां के दादा हैं, यदि थाने में रिपोर्ट करोगे तो चाकू से हमला कर मार डालेंगे।"घटना के बाद अभिरत सिंहदेव ने कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी गोलू पठान, राज बंगाला समेत छह आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच के साथ आरोपियों की तलाश कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित