अंबिकापुर, मार्च 28 -- छत्तीसगढ़ खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक तनुजा सलाम ने यहां गांधी स्टेडियम में प्रस्तावित खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 की तैयारियों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा विशेष रूप से रेसलिंग (कुश्ती) चैंपियनशिप के आयोजन स्थल का जायजा लिया और तकनीकी टीम के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान तनुजा सलाम ने अभ्यास स्थल, मुख्य प्रतियोगिता परिसर, भोजन व्यवस्था तथा मेडिकल यूनिट का अवलोकन किया। उन्होंने खिलाड़ियों के आवास के लिए चिन्हित ग्रैंड बसंत और होटल मयूरा का भी दौरा कर वहां स्वच्छता, सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि बाहर से आने वाले खिलाड़ियों और दलों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
विभिन्न राज्यों से पहुंचे प्रतिभागियों से संवाद करते हुए उन्होंने खेल सुविधाओं, ठहरने और भोजन व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली। खिलाड़ियों ने उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं पर संतोष जताया। इस दौरान संचालक ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनजातीय अंचलों से आने वाले खिलाड़ियों को बेहतर खेल माहौल और उच्चस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि वे प्रतियोगिता में अपना श्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकें।
आयोजन की सफलता को ध्यान में रखते हुए तकनीकी स्टाफ और खेल अधिकारियों की एक समीक्षा बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में कुश्ती स्पर्धा के दौरान नियमों के कड़ाई से पालन, समयबद्ध संचालन, सुरक्षा प्रबंधन और खिलाड़ियों की सुविधा पर विशेष जोर दिया गया। उन्होंने आयोजन से जुड़े सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी राम कुमार सिंह, विभागीय अधिकारी, कोच तथा कर्मचारी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित