अंबिकापुर , जून 19 -- छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में कानून व्यवस्था, नशे के अवैध कारोबार पर नियंत्रण और सड़क सुरक्षा उपायों को प्रभावी बनाने के लिए शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर अजीत वसंत और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल ने की।
बैठक में अधिकारियों को आपसी समन्वय, सतर्कता और सक्रियता के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध सघन अभियान चलाने पर जोर दिया गया। कलेक्टर ने कहा कि नशा एक गंभीर सामाजिक समस्या है और अधिकांश अपराधों की जड़ भी यही है। उन्होंने अवैध शराब, गांजा, अफीम, नशीले सिरप, इंजेक्शन तथा अन्य मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने खाद्य एवं औषधि विभाग को मेडिकल दुकानों में सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाने तथा प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री पर कड़ी निगरानी रखने को कहा। स्कूलों और कॉलेजों के 100 गज के दायरे में तंबाकू एवं तंबाकूजनित उत्पादों की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के भी निर्देश दिए गए।
कानून व्यवस्था की समीक्षा के दौरान राजस्व और पुलिस अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी, नियमित पेट्रोलिंग तथा त्वरित सूचना तंत्र को मजबूत बनाने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को समाज प्रमुखों, जनप्रतिनिधियों, कोटवारों और पटेलों के साथ नियमित संवाद बनाए रखने तथा स्थानीय स्तर पर उभरने वाले संवेदनशील मुद्दों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया। बैठक में धर्मांतरण, खनन गतिविधियों, भूमि अधिग्रहण और अवैध पट्टों से जुड़े मामलों की भी समीक्षा की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने गांजा की अवैध खेती पर विशेष निगरानी रखने, अन्य राज्यों एवं पड़ोसी जिलों से आने वाले वाहनों और कोरियर एजेंसियों की नियमित जांच करने तथा नशे के अवैध नेटवर्क पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश दिए। समाज कल्याण विभाग को नशामुक्ति एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों का व्यापक संचालन करने को कहा गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित