अंबिकापुर , मई 11 -- ) छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले की गांधीनगर पुलिस ने साइबर सेल अंबिकापुर के सहयोग से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाकर अभद्र और अपमानजनक पोस्ट करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी द्वारा 26 अप्रैल को गांधीनगर थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि अज्ञात व्यक्ति ने उसकी फोटो का उपयोग कर फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाया और लगातार आपत्तिजनक तथा अपमानजनक टिप्पणियां पोस्ट कर रहा है, जिससे उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा प्रभावित हो रही है।
प्रार्थी की शिकायत पर थाना गांधीनगर में अपराध क्रमांक 231/2026 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296 तथा पॉस्को एक्ट के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गयी।
विवेचना के दौरान साइबर सेल अंबिकापुर द्वारा मेटा कंपनी से प्राप्त तकनीकी जानकारी के आधार पर संबंधित इंस्टाग्राम अकाउंट से जुड़े मोबाइल नंबर तथा ईमेल आईडी की पहचान की गई, जो शिवम सिन्हा के नाम पर दर्ज थी। शिवम सरगुजा जिला के कांतिपुरकाशपुर के दरिमा रोड निवासी है।
पुलिस टीम द्वारा आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी के मोबाइल फोन से घटना से संबंधित साक्ष्य, फोटो एवं इंस्टाग्राम अकाउंट की जानकारी भी बरामद की गई, जिसे जप्त कर लिया गया है। इसके बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित