अंबिकापुर , दिसंबर 12 -- छत्तीसगढ़ में अंबिकापुर पुलिस लाइन में शुक्रवार को आयोजित जनरल परेड में सरगुजा पुलिस के अनुशासन, फिटनेस और टर्न आउट का व्यापक निरीक्षण किया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा राजेश अग्रवाल ने परेड की सलामी ली और अधिकारी-कर्मचारियों के प्रदर्शन का सूक्ष्म मूल्यांकन करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। यह आयोजन पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक झा के निर्देश पर फिटनेस उन्नयन के लिए संचालित एक माह के विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम के संदर्भ में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय के द्वारा आज जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, परेड की कमान रक्षित निरीक्षक तृप्ति सिंह राजपूत ने संभाली। एसएसपी द्वारा निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) कैंप केपी गांव में चलाए गए एक माह के प्रशिक्षण कार्यक्रम ने सकारात्मक प्रभाव डाला है। अनफिट चिह्नित पुलिसकर्मियों के वजन में पाँच किलो तक की कमी दर्ज की गई है, साथ ही उनके स्वास्थ्य और सक्रियता में उल्लेखनीय सुधार देखा गया है। अधिकारियों ने बताया कि प्रशिक्षण प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी ताकि बल की समग्र फिटनेस और अनुशासन में निरंतर वृद्धि हो।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित