मुरैना , सितंबर 03 -- भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, उनकी लीलाओं और भारतीय सांस्कृतिक परंपरा को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग एवं श्रीकृष्ण पाथेय न्यास द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग से 'श्रीकृष्ण पर्व' का आयोजन किया जा रहा है। इसी श्रृंखला में चार सितंबर को अंबाह के चक्रधारी मंदिर में विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम शाम सात बजे से शुरू होगा। इसमें श्रीकृष्ण आख्यान पर आधारित विभिन्न कला प्रस्तुतियों के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं और उनके जीवन-दर्शन को प्रस्तुत किया जाएगा। भोपाल की संघमित्रा संस्कृति तायवाड़े एवं साथी कलाकार श्रीकृष्ण केंद्रित नृत्य नाटिका तथा उज्जैन की साधना जेजुरीकर एवं साथी कलाकार भक्ति गायन की प्रस्तुति देंगे।
नृत्य, संगीत और भक्ति के संगम से भगवान श्रीकृष्ण के जीवन-दर्शन, उनकी लीलाओं और भारतीय सांस्कृतिक चेतना को मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा। संस्कृति संचालक एन.पी. नामदेव ने बताया कि 'श्रीकृष्ण पर्व' के माध्यम से प्रदेश के विभिन्न कृष्ण-संबंधित स्थलों पर भगवान श्रीकृष्ण की जीवन-गाथा और सांस्कृतिक विरासत को उत्सव के रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है। अंबाह का आयोजन इसी सांस्कृतिक श्रृंखला की महत्वपूर्ण कड़ी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित