पंचकूला , जुलाई 25 -- हरियाणा रोडवेज ने अंबाला से मथुरा-वृंदावन के बीच पहली सीधी वातानुकूलित (एसी) बस सेवा शुरू कर दी है, इससे श्रद्धालुओं को अब दिल्ली या अन्य शहरों में बस बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

राज्य के परिवहन मंत्री अनिल विज के प्रयासों से शुरू हुई इस सेवा से अंबाला, पंचकूला, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर और पड़ोसी हिमाचल प्रदेश के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार नयी बस सेवा के तहत एसी बस प्रतिदिन सुबह 5:30 बजे अंबाला छावनी बस अड्डे से रवाना होगी और करीब 395 किलोमीटर की दूरी तय कर अपराह्न 2:30 बजे मथुरा-वृंदावन पहुंचेगी। वापसी में बस रात 8:30 बजे मथुरा से चलेगी और अगले दिन सुबह अंबाला पहुंचेगी।

बस करनाल, पानीपत, दिल्ली, फरीदाबाद, बल्लभगढ़ और पलवल होते हुए संचालित होगी। हरियाणा रोडवेज ने इस रूट पर नियमित संचालन सुनिश्चित करने के लिए दो एसी बसें आरक्षित की हैं, जो बारी-बारी से चलेंगी।

रोडवेज अधिकारियों के अनुसार, अब तक अंबाला से मथुरा-वृंदावन के लिए कोई सीधी बस सेवा उपलब्ध नहीं थी, जिसके कारण यात्रियों को बीच रास्ते बस बदलनी पड़ती थी। नयी सेवा शुरू होने से यात्रा का समय घटेगा, अतिरिक्त खर्च बचेगा और श्रद्धालुओं को अधिक सुविधाजनक सफर मिलेगा।

करीब नौ घंटे की यात्रा को ध्यान में रखते हुए बस में यात्रियों के लिए वाटर डिस्पेंसर की भी व्यवस्था की गई है। अधिकारियों का कहना है कि आगे भी यात्रियों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएंगी।

बस सेवा शुरू होने पर कई श्रद्धालुओं ने श्री विज का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे भगवान श्रीकृष्ण की नगरी मथुरा-वृंदावन की यात्रा पहले की तुलना में अधिक आसान, आरामदायक और सुगम हो जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित