अंबाला , सितंबर 26 -- हरियाणा के अंबाला शहर के कालका चौक पर शनिवार तड़के गुरुग्राम से जालंधर जा रही इंटरसिटी स्मार्टबस की ट्रक से टक्कर हो गई। हादसे में बस कंडक्टर छोटू (40) की मौत हो गई, जबकि 10 से ज्यादा यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को अंबाला शहर के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से घायल जालंधर निवासी सूर्या शक्ति को प्राथमिक उपचार के बाद चंडीगढ़ पीजीआई रेफर किया गया।
अस्पताल स्टाफ के अनुसार हादसा सुबह करीब 4:30 बजे हुआ। सूचना मिलने पर बलदेव नगर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। कालका चौक अंबाला के दुर्घटना संभावित स्थानों में शामिल रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित