चंडीगढ़ , अगस्त 14 -- पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने अंबाला में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे सिख प्रदर्शनकारियों पर हरियाणा पुलिस द्वारा कथित रूप से की गयी कार्रवाई की कड़ी निंदा की है। उन्होंने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से पूरे घटनाक्रम पर जवाब देने और गिरफ्तार किये गये दो सिख युवकों को तत्काल रिहा करने की मांग की।

राजा वडिंग ने शुक्रवार को यहां जारी बयान में कहा कि अंबाला में लोग शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन कर रहे थे और दो सिख युवकों की रिहाई तथा उस व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग कर रहे थे, जिसने कथित तौर पर अपनी कार से लोगों को टक्कर मारी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि हरियाणा पुलिस ने शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों के खिलाफ बल प्रयोग किया। कांग्रेस नेता ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की इस मामले में कथित चुप्पी पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को इस पूरे घटनाक्रम को लेकर सिखों और पंजाबियों को जवाब देना चाहिए। उन्होंने सैनी को पंजाब में उनके लगातार दौरों की याद दिलाते हुए कहा कि पंजाब में उनका सिख भावना और पंजाबी परंपरा के अनुरूप गर्मजोशी से स्वागत किया जाता है।

राजा वडिंग ने कहा कि जो लोग इन घटनाओं के विरोध में प्रदर्शन कर रहे हैं, वही लोग सामान्य परिस्थितियों में मुख्यमंत्री का पंजाब में गर्मजोशी से स्वागत करते हैं। उन्होंने हरियाणा सरकार से शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों के खिलाफ बल प्रयोग बंद करने की अपील की। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरे मामले में मुख्य रूप से उकसावे की भूमिका निभाने वाला व्यक्ति लुधियाना से संबंधित है।

राजा वडिंग ने कहा कि उक्त व्यक्ति विवादास्पद और भड़काऊ बयान देकर सरकारी सुरक्षा हासिल करने के लिए चर्चा में रहता है। उन्होंने ऐसे लोगों को प्रोत्साहित करने के प्रति आगाह करते हुए कहा कि वे राज्य की शांति और सांप्रदायिक सद्भाव के लिए संभावित खतरा बन सकते हैं।

राजा वडिंग ने उम्मीद जताई कि हरियाणा सरकार सद्बुद्धि से काम लेते हुए शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कथित बल प्रयोग बंद करेगी। उन्होंने दो सिख युवकों की तत्काल रिहाई की भी मांग की, जिन्हें उन्होंने झूठे मामले में फंसाये जाने का आरोप लगाया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित