नयी दिल्ली , अगस्त 06 -- राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने हरियाणा के अंबाला जिले के शाहजादपुर में दूषित पेयजल के सेवन से पीलिया होने के कारण 12 वर्षीय बच्ची की मौत के मामले का स्वत: संज्ञान लिया है।
एनएचआरसी ने गुरुवार को बताया कि आयोग ने मामले को गंभीर मानवाधिकार उल्लंघन से जुड़ा मानते हुए हरियाणा के मुख्य सचिव को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट तलब की है।
आयोग ने कहा कि मीडिया रिपोर्ट के अनुसार शाहजादपुर क्षेत्र में सार्वजनिक नल से आपूर्ति किया जा रहा पेयजल दूषित है, जिसके कारण एक बच्ची की मौत हो गई, जबकि कई अन्य बच्चे भी पीलिया से संक्रमित पाए गए हैं। स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया है कि क्षेत्र में दूषित पानी की आपूर्ति लंबे समय से हो रही है।
आयोग ने अपने नोटिस में मुख्य सचिव से उपचाराधीन बच्चों की वर्तमान स्वास्थ्य स्थिति, उन्हें उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं तथा दूषित जलापूर्ति की समस्या के समाधान के लिए प्रशासन द्वारा उठाए गए कदमों की विस्तृत जानकारी मांगी है। आयोग ने स्पष्ट किया कि यदि मीडिया रिपोर्ट में वर्णित तथ्य सही हैं, तो यह नागरिकों के स्वास्थ्य और सुरक्षित पेयजल के अधिकार से जुड़ा गंभीर मानवाधिकार का मामला है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित