अंबाला , अगस्त 14 -- हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज के नेतृत्व में शुक्रवार को अंबाला छावनी में विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गयी।
इस यात्रा में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। इस दौरान पूरा शहर तिरंगामय नजर आया और लोग देशभक्ति गीतों की धुनों पर झूमते दिखाई दिये।
यात्रा के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए श्री अनिल विज ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान, शान और मान-सम्मान का प्रतीक है। अंबाला की जनता का तिरंगे के प्रति प्रेम और सम्मान इस यात्रा के दौरान सड़कों पर साफ दिखाई दिया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर स्वतंत्रता दिवस से पहले हर वर्ष देशभर में तिरंगा यात्रा और 'हर घर तिरंगा' अभियान आयोजित किया जाता है।
श्री विज ने 'विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस' का उल्लेख करते हुए कहा कि देश के विभाजन के दौरान करोड़ों लोग बेघर हुए थे और असंख्य लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी थी।
यह तिरंगा यात्रा एसडी मंदिर से शुरू होकर सब्जी मंडी, डीसी रोड, चौड़ा बाजार, बजाजा बाजार, सदर चौक, निकलसन रोड और क्रॉस रोड से होते हुए वापस एसडी मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। रास्ते में आम जनता और दुकानदारों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का भव्य स्वागत किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित