बैतूल , जनवरी 19 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के थाना मोहदा क्षेत्र में ग्राम जड़िया और रोजड़ीखेड़ा के बीच पुलिया के पास मिले अज्ञात शव के मामले में पुलिस ने अंधे हत्याकांड का खुलासा करते हुए महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने हत्या के बाद शव को सड़क हादसा दिखाने की साजिश रची थी।

पुलिस अधीक्षक बैतूल वीरेंद्र जैन के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी और एसडीओपी भैंसदेही भूपेंद्र सिंह मौर्य के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार 14 जनवरी को पुलिया के पास एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक विष्णु प्रसाद मौर्य पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे थे। प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध पाया गया।

सीन ऑफ क्राइम टीम की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतक के सिर पर धारदार हथियार से कई वार पाए गए, जिससे हत्या की पुष्टि हुई। मृतक की पहचान ग्राम जिरुढाना निवासी लब्बू यादव (45) के रूप में हुई।

जांच में सामने आया कि आरोपियों ने हत्या के बाद शव को पुलिया के नीचे फेंक दिया और उसके ऊपर मोटरसाइकिल रख दी, ताकि घटना को सड़क दुर्घटना बताया जा सके। तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने कविता यादव सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पुलिस के मुताबिक मृतक द्वारा लगातार परेशान किए जाने से कविता यादव नाराज थी, जिसके चलते उसने अपने देवर और दो अन्य साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। आरोपियों ने मृतक को खेत की टप्पर पर बुलाया और कुल्हाड़ी व पत्थरों से हमला कर उसकी हत्या कर दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित