धार , मई 13 -- मध्यप्रदेश में धार जिले के टांडा थाना क्षेत्र में अंधविश्वास के चलते एक महिला की हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मृतका के भतीजे समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार ग्राम धावड़दा निवासी भांगड़ीबाई पति पुनिया का शव 10 मई की शाम घर के बाहर खटिया पर मिला था। शरीर पर चोट के निशान मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर गंभीर चोट की पुष्टि होने पर हत्या की धाराओं में प्रकरण कायम किया गया।
जांच में सामने आया कि आरोपी टिंकू पिता भुरु सिंगाड अपने भाई राजेश की तीन वर्ष पूर्व सड़क हादसे में हुई मृत्यु के लिए अपनी बुआ भांगड़ीबाई को जिम्मेदार मानता था। अंधविश्वास के चलते वह महिला को 'डायन' समझता था, जिसके कारण दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।
थाना प्रभारी संजय सिंह रावत ने बताया कि घटना वाले दिन आरोपी टिंकू और उसका साथी सोहन एक शादी समारोह से शराब पीकर लौटे थे। नशे की हालत में दोनों महिला के घर पहुंचे और उसे अकेला पाकर लाठी से सिर पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद दोनों आरोपी शव को खटिया पर छोड़कर फरार हो गए।
पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के निर्देशन और एसडीओपी सुनील गुप्ता के मार्गदर्शन में गठित टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने दोनों आरोपियों को उनके मामा के घर ग्राम देवीपुरा से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों से पूछताछ में उन्होंने हत्या करना स्वीकार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित