भरतपुर , जून 05 -- राजस्थान में भरतपुर संभाग में गुरुवार देर रात तेज अंधड़ के साथ हुई बारिश में दो सगे भाइयों एवं एक महिला सहित तीन लोगों की मौत हो गयी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बिजली गिरने से दो पक्के मकानों की छतें गिर गयीं। मौसम के इस प्रकोप से संभाग में जगह- जगह हुए नुकसान के बाद शुक्रवार को सुबह से प्रशासनिक स्तर पर राहत कार्य शुरू किया गया है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि धौलपुर में बसेड़ी के हिंगौटा क्षेत्र से बकरियां चराकर घर आ रहे रामफूल और समय सिंह के ऊपर अंधड़ के दौरान दीवार गिर गई। इससे दोनों भाइयों की मौत हो गई। दोनों अंधड़ एवं बरसात से बचने के लिए दीवार की ओट में बैठे थे।
भरतपुर जिले के नदबई के झोरौल गांव में प्राकृतिक आपदा के दौरान एक मकान की निर्माणाधीन दीवार के अचानक गिरने से मलबे में दबकर इंद्रा देवी (55) की मौत हो गयी, जबकि उसका दिव्यांग पुत्र घायल हो गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित