नयी दिल्ली , फरवरी 19 -- दिल्ली के शहरी विकास मंत्री आशीष सूद ने गुरुवार को कहा कि दिल्ली सरकार अंत्योदय के संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।

श्री सूद ने कहा कि पूर्वी दिल्ली के गीता कालोनी में दिल्ली के उपराज्यपाल विनय सकसेना, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की मौजूदगी में अटल कैंटीन का आज लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर श्री सूद ने कहा, "अंत्योदय की बात हमारी पार्टी के संस्थापकों ने की थी और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उसको जी रहे हैं और अटल कैंटीन की बात हमारे संकल्प पत्र में भी थी । उसको पूरा दिल्ली की मुख्यमंत्री कर रही है। जब शहरी विकास मंत्रालय के मंत्री के रूप में मुझे अटल कैंटीन बढ़ाने का मौका मिला तो यह मेरे लिए गर्व की बात थी।"उन्होंने कहा कि हर धर्म के व्यक्ति के लिए सरकार अपने बजट में से कुछ ऐसा काम कर रही है जिससे उसके जीवन में सकूँन मिलता है, जिससे उसके जीवन में परिवर्तन आता है। यह प्रधानमंत्री का हम लोगों को दिया गया मंत्र है। इसी भावना ध्यान में रखते हुए दिल्ली सरकार अपने संकल्प अंत्योदय के लक्ष्य को पूरा कर पाती हैं। 25 दिसंबर से प्रारंभ हुई अटल कैंटीन योजना के अंतर्गत अब तक 57 दिनों में 14,58,301 लोग पौष्टिक भोजन प्राप्त कर चुके हैं।

शहरी विकास मंत्री ने कहा कि पिछले 56 दिनों में 46 अटल कैंटीन शुरू हुई जिनमें प्रतिदिन औसतन लगभग 26,000 लोगों ने भोजन किया। प्रति कैंटीन औसतन 31,000 से अधिक लोगों को भोजन उपलब्ध कराया गया है। शीघ्र ही 25 नई कैंटीन और प्रारंभ होने जा रही हैं, जिससे प्रतिदिन लगभग 50,000 से अधिक जरूरतमंदों को लाभ मिलेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित