चंडीगढ़ , मई 16 -- हरियाणा के सहकारिता मंत्री अरविन्द शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में अंत्योदय की परिकल्पना को आधार बनाकर कल्याणकारी योजनाओं का लाभ जमीनी स्तर तक पहुंचाया जा रहा है।
डॉ. शर्मा ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय दर्शन को शासन और प्रशासन के केंद्र में रखा गया है, जिसके बल पर भाजपा लगातार तीसरी बार जनता का विश्वास जीतने में सफल रही है। उन्होंने शनिवार को रोहतक में आयोजित कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन भी किया।
उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय की अंत्योदय की अवधारणा भारतीय दर्शन की मूल भावना को दर्शाती है। समग्र मानवतावाद की विचारधारा से प्रेरित यह सोच केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति को गरिमा, आत्मनिर्भरता और समान अवसर उपलब्ध कराने पर आधारित है।
सहकारिता मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि कोई भी गरीब, किसान, महिला, युवा, मजदूर या वंचित नागरिक सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि सरकारी योजनाएं जनकल्याण और सशक्तिकरण का प्रभावी माध्यम बनें। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का उद्देश्य केवल लाभार्थी बनाना नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदार बनाना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित