रायसेन , अगस्त 23 -- मध्यप्रदेश में रायसेन जिले के सिलवानी क्षेत्र के साईंखेड़ा गांव में अंतिम संस्कार से लौट रहे अमन राय पर छह-सात युवकों ने रास्ते में घेरकर लाठी-डंडों और तलवार से हमला कर दिया। हमले में अमन के सिर में गंभीर चोट आई और 15 टांके लगाए गए। उसके दोनों पैरों सहित शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आई हैं।
घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें स्कॉर्पियो वाहन से पहुंचे कुछ युवक अमन के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। हमले में गंभीर रूप से घायल अमन को उपचार के लिए सिलवानी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत को देखते हुए भोपाल रेफर कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार मामले में दोनों पक्षों की शिकायत प्राप्त हुई है। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ काउंटर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना में शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित