औरैया , जुलाई 22 -- उत्तर प्रदेश में औरैया जिले के अछल्दा थाना क्षेत्र के साजनपुर गांव में बुधवार को अंतिम संस्कार की तैयारी के दौरान एक हादसे में युवक की हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार साजनपुर निवासी स्वर्गीय वंशलाल के पुत्र कमल सिंह (22) की पारिवारिक ताई चमेली देवी (80) का बीमारी के कारण निधन हो गया था। उनके अंतिम संस्कार की तैयारी के लिए बुधवार दोपहर कमल गांव के अन्य लोगों के साथ नहर किनारे बांस काटने गया था।

बताया गया कि बांस को झुकाकर काटने के दौरान वह ऊपर से गुजर रही 11 केवी हाईटेंशन विद्युत लाइन से छू गया। बारिश के कारण बांस गीला होने से उसमें तत्काल करंट प्रवाहित हो गया और कमल उसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलसते हुए दूर जा गिरा।

घटना देख आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे और परिजनों को सूचना दी। आनन-फानन में युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, अछल्दा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सुरेश चंद्र सिंह पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं बिजली विभाग के कनिष्ठ अभियंता (जेई) धीरेंद्र कुमार ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे की जांच शुरू कर दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित