बारां , मार्च 12 -- राजस्थान में निर्वाचन आयोग के मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण- 2026 (एसआईआर) कार्यक्रम के तहत गुरूवार को अंता विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन किया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी रोहिताश्व सिंह तोमर ने मिनी सचिवालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि अंता विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में मतदाताओं की संख्या 1.33 प्रतिशत बढ़कर दो लाख 12 हजार 334 हो गई है। यहां 12 जनवरी को प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची में मतदाताओं की संख्या दो लाख नौ हजार 546 थी।
उन्होंने बताया कि अंता विधानसभा क्षेत्र में विधानसभा उप चुनाव के उपरांत 27 नवंबर 2025 को एसआईआर अभियान घोषित किया गया था। जिसके तहत आठ दिसंबर 2025 से छह जनवरी 2026 तक गणना चरण के उपरान्त 12 जनवरी 2026 को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया, जिसमें विधानसभा क्षेत्र अंता में कुल मतदाताओं की संख्या दो लाख नौ हजार 546 थी।
श्री तोमर ने बताया कि आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार मतदाता सूचियों के संबंध में 12 जनवरी से 11 फरवरी तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की गयी थी। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा प्रति सप्ताह प्राप्त होने वाले दावे एवं आपत्तियों की सूचियां मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से साझा की गईं। ये सूचियां जिला निर्वाचन अधिकारी एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर भी ऑनलाइन उपलब्ध होने के संबंध में जानकारी प्रदान की गयी हैंं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित