बारां , जुलाई 09 -- राजस्थान में बारां जिले के अंता थाना क्षेत्र में पुलिस ने चोरी की एक बड़ी वारदात का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त पिकअप वाहन के साथ चोरी गई तिजोरी एवं महत्वपूर्ण दस्तावेज भी बरामद किये हैं।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदाशु ने गुरुवार को बताया कि छह जुलाई की रात अज्ञात चोरों ने एक मकान में ताला तोड़कर प्रवेश किया और पूजा कक्ष में रखी करीब चार क्विंटल वजनी तिजोरी चोरी करके ले गये। तिजोरी में करीब साढ़े पांच लाख रुपये नकद, दो सोने की चेन, तीन सोने की अंगूठियां और संपत्ति संबंधी महत्वपूर्ण रजिस्ट्री दस्तावेज रखे हुए थे। इसके अलावा कमरे की अलमारी से सात हजार रुपये नकद भी चोरी कर लिए गये।
उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष दल का गठन किया गया। दल ने घटनास्थल का निरीक्षण करके वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्य जुटाये और आसपास के सीसीटीवी कैमरों और विभिन्न टोल प्लाजा के फुटेज का गहन विश्लेषण करने के बाद वारदात में प्रयुक्त वाहन की पहचान कर ली। इसके बाद संदिग्ध आरोपी गोविंद प्रसाद उर्फ गोलू को दबोंच लिया।
आरोपी की निशानदेही पर चोरी गयी तिजोरी, महत्वपूर्ण दस्तावेज और वारदात में प्रयुक्त पिकअप वाहन बरामद कर लिया है। मामले में अन्य संभावित आरोपियों एवं चोरी गए शेष माल की बरामदगी के प्रयास किये जा रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित