पटना , जुलाई 09 -- ान एवं भूतत्व विभाग के मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने गुरुवार को कहा कि अंतर-राज्य परिवहन पास (आईएसटीपी) से एक महीने में लगभग 21.65 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है। मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने आज विकास भवन स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि प्रत्येक सप्ताह औसतन 5.6 करोड़ रुपये का राजस्व मिल रहा है। उन्होंने कहा कि आईएसटीपी पोर्टल पर अबतक 19 हजार वाहन पंजीकृत है। अन्य राज्यों से प्रतिदिन औसतन चार हजार खनिज लदे वाहन बिहार आ रहे हैं, जिसमें झारखण्ड, मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, छतीसगढ़, हरियाणा, राजस्थान और उतराखंड के वाहन शामिल है। इससे विभाग द्वारा लगभग 250 करोड़ रुपये वार्षिक राजस्व प्राप्ति का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

गौरतलब है कि राज्य सरकार ने पिछले 10 जून को अंतर-राज्य परिवहन पास लागू किया है। निर्धारित प्रावधानों के अनुसार, दूसरे राज्यों से आने वाले वाहनों से प्राप्त खनिज परिवहन चालान में खनिज का वजन अंकित है। उन्हें 60 रुपये प्रति मीट्रिक टन और जिन चालानों में खनिज का वजन अंकित नहीं है,उसे 85 रुपये घन मीटर की दर से ट्रांजिट पास दिया जा रहा है। इस योजना के लागू होने के बाद पहले सप्ताह में 4 करोड़ 31 लाख 87 हजार 788 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।

मंत्री ने कहा कि चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में जून महीने तक 505.26 करोड़ रुपये का राजस्व विभाग को प्राप्त हुआ है। यह पिछले वर्ष की तुलना में 95.64 करोड़ (23 प्रतिशत) अधिक है। चालू वित्तीय वर्ष में जून तक अवैध खनन और परिवहन के मामले में 12 हजार 877 छापेमारी की गई और इस मामले में 674 प्राथमिकी दर्ज करे गई है, जिसमें 248 लोगो को गिरफ्तार करने के साथ ही 1945 वाहनों को जप्त किया गया तथा जुर्माना के रूप में 23.20 करोड़ रुपये की वसूली की गई है। पिछले वर्ष की तुलना में यह जुरमाना राशि 3.58 करोड़ रुपये (18 प्रतिशत) अधिक है। अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के रोकथाम के लिए सरकार लगातार कार्रवाई कर रही है।

मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने कहा कि वृहद खनिज के क्षेत्र में बिहार की भूमिका राष्ट्रीय स्तर पर तेजी से उभर रही है। जीएसआई के अन्वेषण प्रतिवेदन के आधार पर भारत सरकार के खान मंत्रालय की ओर से वृहद खनिज के 14 ब्लॉक नीलामी के लिए उपलब्ध कराये गये है। वर्तमान में खान मंत्रालय की ओर से तीन ब्लॉकों की नीलामी की गई है। इनमें रोहतास जिले के चुटिया नौहट्टा ग्लूकोनाईट ब्लॉक, पिपराडीह भुरवा ग्लूकोनाईट ब्लॉक व गया जिले के गंजाना निकेल क्रोमियम और पीजीई ब्लॉक शामिल है। वहीं रोहतास जिले के 01 ब्लॉक भोरा कथरा लाईम स्टोन ब्लॉक की नीलामी राज्य सरकार की ओर से करायी गयी है। विभाग की ओर से जमुई जिला के अन्दर मंजोस एवं भंटा में वहृद् खनिज लौह अयस्क के ब्लॉक व बांका जिला के पिंडारा में कॉपर लेड जिंक ब्लॉक की निविदा जल्द ही आमंत्रित की जाएगी।

मंत्री डॉ. कुमार ने कहा कि बिहार में पत्थर खनन में 44 भूखंड चिन्हित की गई है। इनमें गयाजी जिले में 9, बांका में 01, शेखपुरा में 10, नवादा में 17, औरंगाबाद में 3, और रोहतास में 4 भूखंड शामिल है। नवादा जिले में 08 पत्थर खनन पट्टों का टेंडर जारी कर दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित