दरभंगा , सितंबर 26 -- लित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर क्रीड़ा परिषद के तत्वावधान में शनिवार को अंतर-महाविद्यालय किक-बॉक्सिंग, जूडो, बॉक्सिंग, ताइक्वांडो, कराटे एवं वुशु पुरुष/महिला प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। विश्वविद्यालय के खेल प्रभारी अमृत कुमार झा ने नारियल फोड़कर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया।प्रतियोगिता में 157 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं, जिनमें 80 पुरुष और 77 महिला खिलाड़ी शामिल हैं। दो दिवसीय प्रतियोगिता 26 और 27 सितंबर को आयोजित की जा रही है।

उद्घाटन के अवसर पर श्री झा ने कहा कि किक-बॉक्सिंग, जूडो, बॉक्सिंग, ताइक्वांडो, कराटे एवं वुशु जैसे कॉम्बैट खेल खिलाड़ियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और मानसिक दृढ़ता का विकास करते हैं। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में खिलाड़ियों की भागीदारी इन खेलों के प्रति विद्यार्थियों के बढ़ते उत्साह को दर्शाती है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में प्रदर्शन तथा व्यक्तिगत ट्रायल के आधार पर चयनित खिलाड़ियों को आगामी अंतर-विश्वविद्यालय प्रतियोगिताओं के लिए विश्वविद्यालय की टीम में शामिल किया जाएगा।

स्नातकोत्तर क्रीड़ा परिषद की अध्यक्ष डॉ. प्रियंका राय ने कहा कि प्रतियोगिता केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि खिलाड़ियों के स्वस्थ भविष्य एवं दीर्घकालिक खेल करियर की नींव तैयार करने का मंच भी है। विश्वविद्यालय खिलाड़ियों को शारीरिक एवं मानसिक रूप से सक्षम बनाकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।उन्होंने कुलपति प्रो. संजय कुमार चौधरी के मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन तथा खेल निदेशालय के निदेशक प्रो. अजय नाथ झा के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरी खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने और विश्वविद्यालय का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

विश्वविद्यालय टीम के चयन के लिए गठित समिति में रूपेश कुमार, एस.बी.एस.एस. कॉलेज बेगूसराय, संजीव कुमार, वुशु संघ दरभंगा, सुनील कुमार चौधरी, एम.एल.एस.एम. कॉलेज दरभंगा, पवन साहनी, के.एस.डी.एस.यू. दरभंगा, मुकेश कुमार मिश्रा, बिहार कराटे संघ पटना, फुलेश्वर कुमार मंडल, के.एस. कॉलेज दरभंगा, दिलीप कुमार, पूर्व विश्वविद्यालय खिलाड़ी एवं संतोष कुमार चयनकर्ता बनाए गए हैं। मनीष राज, खेल एवं संस्कृति विभाग, तकनीकी सदस्य के रूप में उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित