म.प्र. गीता जयंती महोत्सव डॉ. यादव भोपाल , नवम्बर 29 -- मध्यप्रदेश में गीता जयंती 1 दिसंबर 2025 को अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव भव्य रूप से मनाया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इस महोत्सव का शुभारंभ करेंगे। प्रदेश के 313 विकासखंड, 55 जिला मुख्यालयों और 10 संभागों में एक साथ 3 लाख से अधिक गीता पाठी श्रीमद्भगवद्गीता के 15वें अध्याय का सस्वर पाठ करेंगे। उज्जैन, भोपाल और इंदौर में विशेष आयोजन किए जा रहे हैं।
इंदौर में राजवाड़ा स्थित गोपाल मंदिर परिसर में मध्यप्रदेश के पहले गीता भवन का लोकार्पण हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी तथा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की उपस्थिति में होगा। इस अवसर पर 16 से 28 नवंबर तक आयोजित श्रीमद्भगवद्गीता ज्ञान प्रतियोगिता के विजेताओं के नामों की घोषणा भी की जाएगी।
मुख्यमंत्री के संस्कृति सलाहकार एवं वीर भारत न्यास के न्यासी सचिव श्रीराम तिवारी ने बताया कि यह महोत्सव आध्यात्मिक और सांस्कृतिक दोनों रूपों में महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि गीता जीवन जीने की कला का मार्गदर्शन करती है और मुख्यमंत्री के आह्वान पर इसका संदेश व्यापक स्तर पर पहुंचाया जा रहा है।
उज्जैन में 1 से 3 दिसंबर तक तीन दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। पहले दिन अभिनेता पुनीत इस्सर द्वारा प्रस्तुत नृत्य नाटिका जय श्रीकृष्णा का मंचन होगा। दूसरे दिन वैष्णवी शर्मा का काव्यपाठ विराटजयी और मोहित शेवानी एवं दल की प्रस्तुति कृष्णायन होगी। अंतिम दिन गीता ऑन व्हील्स और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। महोत्सव में माधव दर्शनम् प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
भोपाल के रवीन्द्र भवन में दिव्यांग कलाकारों द्वारा गीता ऑन व्हील्स का मंचन होगा। इसके बाद कृष्णायन की प्रस्तुति दी जाएगी। दोपहर में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की उपस्थिति में गीता के 15वें अध्याय का सस्वर पाठ और प्रदर्शनी का लोकार्पण किया जाएगा।
इंदौर में मुख्य कार्यक्रम के तहत गीता भवन का लोकार्पण, गीता ज्ञान प्रतियोगिता के विजेताओं की घोषणा तथा संजीव मालवीय निर्देशित कृष्णायन नृत्य नाटिका का मंचन होगा। मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण के जीवन पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन भी करेंगे। गीता ज्ञान प्रतियोगिता के पुरस्कार गणतंत्र दिवस 26 जनवरी 2026 को प्रदान किए जाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित