मैनपुरी , अक्टूबर 24 -- उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के 26 अक्टूबर को संकिसा स्थित वाईबीएस सेंटर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय अभिधम्म दिवस समारोह में शामिल होने के मद्देनजर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाहा ने शनिवार को कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर संबंधित विभागों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने राजघाट संकिसा के निकट प्रस्तावित हेलीपैड, संपर्क मार्गों, वीआईपी सेफ हाउस, विभागीय समीक्षा बैठक कक्ष, भोजन कक्ष और मुख्य सभा स्थल का जायजा लिया। लोक निर्माण विभाग को हेलीपैड का निर्माण निर्धारित मानकों और सुरक्षा प्रावधानों के अनुरूप 25 अक्टूबर की शाम तक पूरा कराने तथा हेलीपैड से कार्यक्रम स्थल तक के मार्गों को गड्ढामुक्त और समतल बनाने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को समारोह के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने और मंच पर विद्युत सुरक्षा की जांच समय से कराने को कहा। जिला पंचायत राज अधिकारी और खंड विकास अधिकारी, बेवर को आयोजन स्थल, बौद्ध विहार और संपर्क मार्गों पर विशेष सफाई अभियान चलाने तथा अतिरिक्त सफाई कर्मियों की तैनाती के निर्देश दिए गए। श्रद्धालुओं और आगंतुकों के लिए स्वच्छ पेयजल, पानी के टैंकर और मोबाइल शौचालयों की व्यवस्था करने को भी कहा गया।
समारोह में म्यांमार, कंबोडिया, थाईलैंड और कोरिया सहित विभिन्न देशों से बौद्ध अनुयायियों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने भीड़ नियंत्रण, पार्किंग, बैरिकेडिंग और यातायात प्रबंधन पर विशेष जोर दिया है। यातायात पुलिस को पर्याप्त पार्किंग स्थल चिह्नित करने और जरूरत के अनुसार रूट डायवर्जन योजना लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।
इस दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने जसराजपुर तिराहे पर प्रस्तावित पुलिस चौकी के निर्माण स्थल का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों के अनुसार, संकिसा पुलिस चौकी के निर्माण के लिए 10 लाख रुपये तथा औद्योगिक क्षेत्र की प्रस्तावित चौकी के लिए पांच लाख रुपये आवंटित किए गए हैं। संकिसा चौकी के लिए तत्काल नींव की खुदाई शुरू कराने और भवन, कार्यालय, शौचालय तथा आवासीय व्यवस्था का निर्माण दो महीने के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित