कुशीनगर , मार्च 15 -- उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में अवैध शराब की बिक्री, निष्कर्षण और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पटहेरवा थाना पुलिस ने अंतर्राज्यीय शराब तस्करी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से बिहार ले जाई जा रही बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद की है।

पुलिस ने बताया कि रविवार को चेकिंग के दौरान काजीपुर कट के पास बोलेरो को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से 24 बंडल में कुल 144 बोतल रॉयल स्टैग (750 मिलीलीटर), 24 पेटी में 1152 पाउच ऑफिसर च्वाइस (180 मिलीलीटर) और 14 बंडल में 168 कैन किंगफिशर बीयर (500 मिलीलीटर) बरामद की गई, जिसे बिहार ले जाया जा रहा था।

पुलिस ने मौके से राजकिशोर कुमार , जिला मोतिहारी (बिहार) को गिरफ्तार कर लिया। बरामदगी के आधार पर थाना पटहेरवा में आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया गया है।

अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने बताया कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी होने के कारण वहां शराब की मांग अधिक रहती है, इसलिए तस्करी कर कम समय में अधिक मुनाफा कमाया जाता है। उन्होंने बताया कि तस्कर पुलिस से बचने के लिए मुर्गा ढोने वाली जालीदार बोलेरो गाड़ी का इस्तेमाल करते हैं। शराब के पैकेट मुर्गों के बीच छिपाकर रखे जाते हैं, जिससे चेकिंग के दौरान संदेह कम होता है। आरोपी ने बताया कि वे पहले शराब इकट्ठा कर लेते हैं और फिर इस तरह की गाड़ियों से बिहार ले जाकर ऊंचे दामों पर बेचते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित