नोएडा , जुलाई 24 -- उत्तर प्रदेश में नोएडा सेक्टर-126 थाना पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय दोपहिया वाहन चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के तीन शातिर सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे और निशानदेही पर चोरी की 9 मोटरसाइकिल, 1 स्कूटी तथा एक अवैध .315 बोर तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।

पुलिस ने शुक्रवार को कार्रवाई की जानकारी दी उन्होंने बताया कि, सेक्टर-131 नोएडा गढ़ी शाहपुर कट के पास से विकास कुमार, रोहित और कुलदीप को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में सामने आया कि तीनों आरोपी संगठित तरीके से दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में मॉल, अस्पताल, मेट्रो स्टेशन, बाजार और आवासीय इलाकों के बाहर खड़े दोपहिया वाहनों की रेकी करते थे। मौका मिलते ही वाहन चोरी कर उन्हें सुनसान स्थानों पर छिपा देते थे।

पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी चोरी किए गए वाहनों की पहचान मिटाने के लिए उनके इंजन और चेसिस नंबर घिस देते थे और बाद में उन्हें सस्ते दामों पर बेचकर आर्थिक लाभ कमाते थे। गिरोह का सरगना विकास कुमार अपने पास अवैध तमंचा और कारतूस भी रखता था।

आरोपियों की निशानदेही पर सेक्टर-131 स्थित यमुना डूब क्षेत्र की घनी झाड़ियों से चोरी की मोटरसाइकिलें और स्कूटी बरामद की गईं। बरामद वाहनों में नोएडा और दिल्ली से चोरी की गई कई बाइक और स्कूटी शामिल हैं, जिनमें हीरो स्प्लेंडर, बजाज सीटी-100 और टीवीएस जूपिटर जैसे वाहन शामिल हैं। दो मोटरसाइकिलें बिना नंबर प्लेट की मिलीं, जिनके इंजन और चेसिस नंबर भी घिसे हुए पाए गए।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास कुमार निवासी बुलंदशहर (वर्तमान पता खोड़ा कॉलोनी, गाजियाबाद), रोहित निवासी बुलंदशहर (वर्तमान पता सलारपुर, सेक्टर-101 नोएडा) और कुलदीप निवासी बुलंदशहर के रूप में हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित