भरतपुर , मई 16 -- राजस्थान में भरतपुर के मथुरा गेट थाना क्षेत्र में पुलिस ने अंतर्राज्यीय बावरिया गिरोह के दो कुख्यात बदमाशों को गिरफ्तार करके उनसे चार किलो चांदी के सिक्के बरामद किए हैं।
पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि पिछले दिनों शहर के जवाहर नगर क्षेत्र में हुई करीब 12 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी के मामले में कालू उर्फ काडया और फोरया उर्फ रामदन निवासी भीलवाड़ा को पकड़ा गया। दोनों की निशानदेही पर भीलवाड़ा जिले के आमती बंगला गांव स्थित इनके घरों से चोरी के चांदी के सिक्के बरामद किए।
उल्लेखनीय है कि पांच फरवरी को जवाहर नगर निवासी महेंद्र कुमार गुप्ता अपने परिवार के साथ ऋषिकेश गंगा स्नान के लिए गए थे तभी सूने मकान का फायदा उठाकर अंतर्राज्यीय बावरिया गिरोह ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित