जौनपुर , नवम्बर 01 -- उत्तर प्रदेश के जौनुपर में वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के दो शोधार्थियों ने अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में अपने शोध पत्र प्रस्तुत किए है।
जैव प्रौद्योगिकी विभाग के दो एमएससी विद्यार्थियों मनीष कुमार एवं वैष्णवी आर्या ने इन्वर्टिस यूनिवर्सिटी, बरेली में 30 और 31 अक्टूबर को आयोजित 13वें अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में अपने शोध पत्र प्रस्तुत किए।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार एआई-इनेबल्ड बायोटेक्नोलॉजी' विषय पर आयोजित इस सम्मेलन में मनीष कुमार ने भारत में नॉन-अल्कोहॉलिक फैटी लिवर डिजीज (एनएएफएलडी) के प्रति जन-जागरूकता के आकलन पर अपना शोध प्रस्तुत किया। वहीं, वैष्णवी आर्या ने पूर्वी उत्तर प्रदेश में अल्जाइमर रोग के प्रति लोगों की जागरूकता और ज्ञान के स्तर पर शोध पत्र प्रस्तुत किया।
दोनों विद्यार्थी प्रो. प्रदीप कुमार एवं प्रो. वंदना राय के निर्देशन में शोध कार्य कर रहे हैं। इस उपलब्धि पर प्रो. प्रदीप कुमार ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर शोध पत्र प्रस्तुत करना विद्यार्थियों की वैज्ञानिक प्रतिभा, शोध के प्रति उनकी रुचि और विभाग की सक्रिय शोध संस्कृति को दर्शाता है।
दोनों विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय परिवार ने उन्हें तथा उनके शोध मार्गदर्शकों को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित