बारां , मार्च 20 -- राजस्थान में अंतरराष्ट्रीय वन दिवस के अवसर पर बारां जिले के शाहबाद जंगल बचाओ आंदोलन के तहत पर्यावरण संरक्षण कार्यकर्ताओं द्वारा 22 मार्च को श्रीराम स्टेडियम बारां से शाहबाद तक एक विशाल जनजागृति विरासत यात्रा निकाली जायेगी।

संस्थान के प्रमुख प्रशांत पाटनी ने शुक्रवार को बताया कि इस यात्रा में राज्य सहित देश के विभिन्न हिस्सों से पर्यावरण संरक्षण के लिए कार्य कर रहे पर्यावरण प्रेमी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं जागरूक नागरिक शिरकत कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान पर्यावरण कार्यकर्ता शाहबाद जंगल के लाखों बेशकीमती वृक्षों की कटाई और प्रस्तावित हाइड्रो पावर संयंत्र परियोजना के विरोध में अपनी आवाज बुलंद करेंगे। ये सभी लोग किशनगंज, भंवरगढ़, केलवाड़ा, समरानिया, मुंडियर, शाहबाद में जुलूस और रैली के रूप में जंगल बचाने एवं संयंत्र निरस्त करने की मांग करेंगे।

श्री पाटनी ने बताया कि शाहबाद पहुँचने पर प्रतिनिधिमंडल द्वारा एडीएम शाहबाद जब्बर सिंह को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। जिसमें जंगल कटाई रोकने एवं हाइड्रो पावर प्लांट की स्वीकृति निरस्त करने की माँग की जाएगी।

उन्होंने बताया कि इस जनआंदोलन में प्रमुख रूप से अंतरराष्ट्रीय पर्यावरण कार्यकर्ता रोबिन सिंह फाउंडर ग्रीन इंडिया मूवमेंट, उत्तरप्रदेश, बाबूलाल जाजू (अध्यक्ष, पीपुल्स फॉर एनिमल्स भीलवाड़ा), सहित कई पर्यावरणविद् शामिल होंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित