प्रयागराज , जून 19 -- अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पूर्व प्रयागराज में नव जीवन तैराकी क्लब के तैराकों ने शुक्रवार को यमुना नदी में अनोखे अंदाज में जल योग का प्रदर्शन कर लोगों का ध्यान आकर्षित किया। इस दौरान तैराकों ने नदी के बीच विभिन्न योगासन और तैराकी तकनीकों का प्रदर्शन किया।

बरगद घाट पर आयोजित विशेष अभ्यास सत्र में तैराकों ने अंडरवाटर योग, बैक फ्लोटिंग, फ्रंट फ्लोटिंग तथा सूर्यासन जैसे चुनौतीपूर्ण आसनों का प्रदर्शन किया। नदी के बीच हुए इस अनूठे कार्यक्रम को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए और प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

नव जीवन तैराकी क्लब के सदस्य नियमित रूप से तैराकी का अभ्यास करते हैं। क्लब की ओर से प्रतिवर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विशेष जल योग कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। इस वर्ष भी बड़ी संख्या में तैराकों और क्लब सदस्यों ने भाग लेकर योग और तैराकी के महत्व का संदेश दिया।

अंतरराष्ट्रीय तैराक त्रिभुवन निषाद के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिभागियों को जल योग की विभिन्न विधियों का अभ्यास कराया गया। निषाद ने बताया कि पानी में योग करने से शरीर का संतुलन बेहतर होता है, सहनशक्ति बढ़ती है और अनेक शारीरिक समस्याओं से बचाव में सहायता मिलती है। उन्होंने लोगों से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर तैराकों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज यह दुनिया भर में स्वास्थ्य एवं फिटनेस का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुका है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित