बैतूल , जून 21 -- अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में रविवार को बड़े उत्साह और जनभागीदारी के साथ जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

शहर के हॉकी एस्ट्रोटर्फ स्टेडियम में आयोजित इस कार्यक्रम में हजारों लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया। कार्यक्रम की थीम 'स्वस्थ आयु के लिए योग' रही, जिसके माध्यम से लोगों को नियमित योग अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल ने प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों और नागरिकों के साथ योगाभ्यास किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ और सशक्त समाज की आधारशिला है। उनका कहना था कि स्वस्थ नागरिक ही एक मजबूत राष्ट्र का निर्माण करते हैं और देश के विकास को नई गति देते हैं।

श्री खंडेलवाल ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि "मन अच्छा तो तन अच्छा" का सिद्धांत योग की मूल भावना को दर्शाता है। उन्होंने सभी नागरिकों से नियमित रूप से योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में योग मानसिक शांति, शारीरिक स्वास्थ्य और आत्मिक संतुलन का सबसे प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2015 में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुरुआत के बाद योग को वैश्विक पहचान मिली। आज दुनिया के अनेक देशों में करोड़ों लोग योग को अपनाकर स्वस्थ जीवन की ओर बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति और ज्ञान परंपरा की अमूल्य धरोहर है, जिसे अब पूरी दुनिया सम्मान की दृष्टि से देख रही है।

कार्यक्रम में मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष मोहन नागर, कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे और पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में स्कूली विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं और समाजसेवियों ने योगासन एवं प्राणायाम में भाग लिया। योगाभ्यास के दौरान पूरे स्टेडियम में उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा का माहौल दिखाई दिया।

योग सत्र के बाद विद्यार्थियों और बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला। कई बच्चों ने विधायक हेमंत खंडेलवाल के साथ तस्वीरें खिंचवाकर इस अवसर को यादगार बनाया। कार्यक्रम के समापन पर कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने विधायक खंडेलवाल को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।

एसडीएम अभिजीत सिंह ने सभी प्रतिभागियों, अधिकारियों और आयोजन से जुड़े लोगों का आभार व्यक्त किया। जिला मुख्यालय के अलावा जिले के सभी विकासखंडों, ग्राम पंचायतों, शैक्षणिक संस्थानों और सामाजिक संगठनों में भी योग दिवस के कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन आयोजनों में हजारों लोगों ने सहभागिता कर स्वस्थ जीवन और निरोगी समाज के निर्माण का संदेश दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित