गांधीनगर , जून 18 -- बारहवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को गुजरात में योग से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे।

मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की अध्यक्षता में योग दिवस का राज्य स्तरीय समारोह गांधीनगर जिले के मानसा तालुका में आयोजित होगा, जिसमें 4,000 से अधिक नागरिक भाग लेंगे।

उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने बताया कि इस वर्ष 'योगा फॉर हेल्दी एजिंग' थीम पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे। इस संबंध में राज्य में अब तक 10 से अधिक बड़े कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किये जा चुके हैं। योग दिवस तक पूरे राज्य में स्कूलों, कॉलेजों, कॉर्पोरेट कार्यालयों, उद्योगों, उद्यानों और सार्वजनिक स्थलों पर कुल 24,000 कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष योग दिवस पर राज्यभर से 1.25 करोड़ से अधिक नागरिक योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण में भाग लेंगे। सभी जिलों में कलेक्टरों, म्युनिसिपल कमिश्नरों और सामाजिक संस्थाओं के समन्वय से विभिन्न समितियां इस आयोजन को सफल बनाने में जुटी हुई हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में 14 जून से 20 जून तक 'योग सप्ताह' मनाया जा रहा है। सफाईकर्मियों, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और किसानों सहित समाज के विभिन्न वर्गों को शामिलकरते हुए 12 विशेष कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। इनमें से 10 कार्यक्रम संपन्न हो चुके हैं, जबकि शेष दो कार्यक्रम आगामी दो दिनों में आयोजित होंगे। इसके अलावा 17 महानगरपालिकाओं, 33 जिलों के सभी तालुकाओं, नगरपालिकाओं और ग्रामीण क्षेत्रों में एक साथ सामूहिक योगाभ्यास आयोजित किया जाएगा। इसी क्रम में आज सुबह गांधीनगर स्थित गिफ्ट सिटी में 5,000 से अधिक लोगों ने उत्साहपूर्वक सामूहिक योग किया।

श्री संघवी ने कहा कि भारतीय संस्कृति और योग आज दुनिया के कोने-कोने तक पहुंच चुके हैं। उन्होंने कहा कि भारत ही नहीं, बल्कि विश्वभर में भारतीय योग शिक्षकों की मांग बढ़ी है और उन्हें आकर्षक वेतन के अवसर प्राप्त हो रहे हैं।

उन्होंने बताया कि गुजरात योग बोर्ड द्वारा आम नागरिकों को प्रतिदिन सुबह योग करने के लिए प्रशिक्षण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। श्री संघवी ने इस सराहनीय कार्य के लिए योग बोर्ड के अध्यक्ष और पूरी टीम को बधाई दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित