नयी दिल्ली , मार्च 12 -- अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के 100 दिन पहले मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान 13 मार्च (शुक्रवार) को विज्ञान भवन में योग महोत्सव-2026 का आयोजन करेगा। यह योग संस्थान आयुष मंत्रालय के अंतर्गत संचालित होता है।
इस कार्यक्रम के साथ ही अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के लिए 100 दिन की उलटी गिनती शुरू हो जाएगी। आयुष मंत्रालय ने विभिन्न संस्थाओं के सहयोग से एक विशेष अभियान भी शुरू किया है, जिसके तहत 100 संगठन देश के 100 स्थानों और शहरों में योग का प्रचार-प्रसार करेंगे।
विज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम में आयुष मंत्रालय के केंद्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) प्रतापराव जाधव, आयुष मंत्रालय के सचिव वैद्य राजेश कोटेचा, एस-व्यासा सोसाइटी, बेंगलुरु के अध्यक्ष डॉ. एचआर नागेंद्र और आयुष मंत्रालय की संयुक्त सचिव मोनालिसा दास सहित कई योग गुरु, विशेषज्ञ और योग प्रेमी शामिल होंगे।
श्री जाधव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 2014 में 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस घोषित किया था। आज योग को पूरी दुनिया में स्वीकार किया जा रहा है और यह भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित