हैदराबाद , जुलाई 08 -- एचआईसीसी में आयोजित 'ग्रीन ग्रोथ इकोनॉमिक समिट 2026' में हिस्सा ले रहे व्यावसायिक दिग्गजों और सरकारी प्रतिनिधियों के एक उच्चस्तरीय अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी से मुलाकात की और राज्य में निवेश के अवसरों पर चर्चा की।

'मेरिडियन कलेक्टिव' की ऋत्विका भट्टाचार्य और उमा भट्टाचार्य के नेतृत्व में आये इस प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के साथ पर्यावरण संरक्षण, ग्रिड अवसंरचना और प्रौद्योगिकी क्षेत्र में निवेश को लेकर बातचीत की। प्रतिनिधिमंडल में नॉर्वे की पूर्व राज्य सचिव डिलेक अयहान, दक्षिण अफ्रीका के सांसद थॉमस फ्रोलिच, श्रीलंका के उवा प्रांत के पूर्व मुख्यमंत्री और मलेशिया के सांसद एम. सरवनन शामिल थे।

बैठक में शामिल प्रतिनिधियों ने जलवायु वित्तपोषण और डेटा सेंटरों की स्थापना जैसे क्षेत्रों में ज्ञान के आदान-प्रदान को बढ़ावा देने की इच्छा जतायी।

प्रतिनिधिमंडल के साथ मौजूद सांसद सी किरण कुमार रेड्डी ने कहा कि यह बैठक तेलंगाना के लिए पर्यावरण-अनुकूल अंतरराष्ट्रीय निवेश, प्रौद्योगिकी हस्तांतरण और मजबूत वैश्विक साझेदारी का मार्ग प्रशस्त करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित