वाराणसी , जून 13 -- ओलंपियन और भारत के पूर्व अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज जसपाल राणा का अंतिम संस्कार काशी में किया जायेगा। उनके निधन से खेल जगत में शोक की लहर है। अर्जुन पुरस्कार, पद्मश्री और द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित जसपाल राणा का उपचार के दौरान निधन हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उनका पार्थिव शरीर शनिवार को विमान के जरिए वाराणसी लाया गया। उनका अंतिम संस्कार काशी के मणिकर्णिका घाट पर किए जाने की तैयारी है। सूत्रों के अनुसार, जसपाल राणा ने अपने जीवनकाल में काशी के मणिकर्णिका घाट पर अंतिम संस्कार की इच्छा व्यक्त की थी। इसी इच्छा के अनुरूप उनके परिजन अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी कर रहे हैं।
जसपाल राणा भारतीय निशानेबाजी के उन चुनिंदा खिलाड़ियों में शामिल रहे, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन किया। उन्होंने अपने खेल जीवन में अनेक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया तथा बाद में कोच के रूप में भी भारतीय निशानेबाजी को नई दिशा देने का कार्य किया।
उनके निधन की खबर से खेल प्रेमियों, खिलाड़ियों और विभिन्न क्षेत्रों के लोगों में शोक व्याप्त है। अंतिम संस्कार के दौरान खेल जगत और प्रशासनिक क्षेत्र से जुड़े कई लोगों के मौजूद रहने की संभावना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित