नयी दिल्ली , अगस्त 16 -- देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ऐतिहासिक लाल किले पर अंतरराष्ट्रीय विज्ञान और गणित ओलंपियाड 2026 के युवा भारतीय पदक विजेताओं ने भी विशेष अतिथि के रूप में राष्ट्रीय समारोह में भाग लिया।
वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने के ऐतिहासिक वर्ष में इन युवा विजेताओं की लाल किले पर उपस्थिति, विकसित भारत2047 के निर्माण में युवा ऊर्जा, प्रतिभा और आकांक्षाओं को जोड़ने के प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण का प्रतीक के रूप में देखा गया है।
यह जानकारी यहां जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति में दी गयी है।
इन विजेताओं को यह राष्ट्रीय सम्मान, वर्ष 2026 में अंतरराष्ट्रीय ओलंपियाडों में असाधारण प्रदर्शन के बाद दिया गया है। भौतिकी, रसायन विज्ञान, जीवविज्ञान और गणित में भारतीय छात्रों ने इस वर्ष कुल 12 स्वर्ण और 7 रजत पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया है। यह सफलता टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ फंडामेंटल रिसर्च (टीआईएफआर ) के राष्ट्रीय केंद्र 'होमी भाभा सेंटर फॉर साइंस एजुकेशन' और परमाणु ऊर्जा विभाग के कम उम्र से ही प्रतिभाओं की पहचान और मार्गदर्शन के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों का परिणाम है।
यहां अपने प्रवास के दौरान इन युवा विजेताओं ने परमाणु ऊर्जा आयोग के अध्यक्ष और परमाणु ऊर्जा विभाग के सचिव डॉ. अजीत कुमार मोहंती से मुलाकात की। इस अवसर पर डॉ. मोहंती ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह में ओलंपियाड विजेताओं को सम्मानित किया जाना देश की युवा शक्ति और उनकी उत्कृष्टता की भावना की उपयुक्त मान्यता है। उन्होंने दोहराया कि परमाणु ऊर्जा विभाग युवा प्रतिभाओं को पोषित करने के लिए प्रतिबद्ध है ताकि वे विकसित भारत 2047 के निर्माण में अपना योगदान दे सकें।
इसके अतिरिक्त, युवा छात्रों ने केंद्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. जितेंद्र सिंह से भी संवाद किया। अपने दिल्ली दौरे के दौरान छात्रों ने राष्ट्रीय युद्ध स्मारक और प्रधानमंत्री संग्रहालय जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय स्थलों का भ्रमण किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित