बुलंदशहर , जनवरी 31 -- उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में पुलिस ने पंजाब से अंग्रेजी शराब की तस्करी कर झारखंड में सप्लाई करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करने का दावा किया है।
पुलिस ने दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 745 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई गई है। तस्करी में प्रयुक्त 14 टायर ट्रक और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. तेजवीर सिंह ने शनिवार को बताया कि 30/31 जनवरी 2026 की रात स्वाट टीम देहात एवं थाना अरनिया पुलिस राष्ट्रीय राजमार्ग-34 स्थित पहावती पुलिस चौकी के पास वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना के आधार पर एक 14 टायर ट्रक को रोका गया। ट्रक में आगे की ओर अगरबत्ती की डस्ट तथा धान की भूसी के बोरे लदे थे। संदेह होने पर गहन तलाशी ली गई, जिसमें ट्रक के अंदर छिपाकर रखी गई 745 पेटी 'नंबर वन ब्रांड' अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जो पंजाब में बिक्री हेतु अनुबंधित थी।
पुलिस ने मौके से ट्रक सहित दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम संदीप सिंह निवासी ग्राम कुकराड, थाना ठुलीवाल, जनपद बरनाला (पंजाब) तथा सरबजीत सिंह निवासी ग्राम खासीकलां, थाना जमालापुर, जनपद लुधियाना (पंजाब) बताए।
एसपी देहात ने बताया कि अभियुक्त ट्रक के निचले हिस्से में शराब की पेटियां भरकर ऊपर से धान की भूसी के बोरे रख देते थे। पुलिस को गुमराह करने के लिए अगरबत्ती पाउडर की फर्जी बिल्टी तैयार कर शराब को पंजाब से झारखंड के विभिन्न स्थानों पर सप्लाई किया जाता था।
इस संबंध में थाना अरनिया पर धारा 60/63/72 आबकारी अधिनियम एवं धारा 318(4) बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर दोनों अभियुक्तों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है। अन्य संलिप्त अभियुक्तों की तलाश की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित