बलरामपुर-रामानुजगंज , अप्रैल 09 -- छत्तीसगढ़ में बलरामपुर-रामानुजगंज के थाना सनावल पुलिस ने अंतरराज्यीय धान हेराफेरी प्रकरण में लंबे समय से फरार आरोपी अमित कुमार गुप्ता को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से बैंक से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज और अन्य सामग्री बरामद की गई है, जिससे अवैध धान कारोबार के नेटवर्क के प्रमाण मिले हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार अपराध क्रमांक 82/2025 में आवश्यक वस्तु अधिनियम एवं बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज है। इस प्रकरण की शुरुआत 26 दिसंबर 2025 को हुई, जब राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम अवैध धान परिवहन रोकने के लिए गश्त पर निकली थी। इसी दौरान एक पिकअप वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन लेकर भागने लगा। पीछा कर वाहन को पकड़ा गया, जहां चालक ने कुलूडीह निवासी श्याम सुन्दर गुप्ता के घर धान उतारने की जानकारी दी।
तलाशी के दौरान श्याम सुन्दर गुप्ता के घर से किसानों से संबंधित बड़ी मात्रा में दस्तावेज बरामद किए गए। जांच में खुलासा हुआ कि उत्तरप्रदेश से कम कीमत पर धान लाकर छत्तीसगढ़ के धान खरीदी केंद्रों में अलग-अलग किसानों के खातों से बेचा जा रहा था। इस प्रक्रिया में किसानों की ऋण पुस्तिका, बैंक खाते और चेकबुक का उपयोग कर शासन को आर्थिक नुकसान पहुंचाया जा रहा था। मामले में पूर्व में श्याम सुन्दर गुप्ता, शिवम गुप्ता, मंडी ऑपरेटर राजेश कुमार सिंह और पटवारी संजय सोनी को गिरफ्तार किया जा चुका है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित