रुद्रपुर , अप्रैल 09 -- उत्तराखंड की ऊधमसिंहनगर पुलिस ने "ऑपरेशन प्रहार" के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय अवैध असलहा तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से भारी मात्रा में हथियार और कारतूस बरामद किए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति ने गुरुवार को इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि विशेष अभियान समूह और सितारगंज कोतवाली पुलिस की ओर से 08 अप्रैल की रात को सिडकुल फेस-02 क्षेत्र में जांच अभियान चलाया जा रहा था।
इसी दौरान दौरान बिना नंबर प्लेट की एक स्विफ्ट कार को रोकने का प्रयास किया गया। आरोपी भागने लगे लेकिन वाहन कच्चे रास्ते में फंस गया, जिसके बाद पुलिस ने दोनों को मौके पर ही दबोच लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान हरेन्द्र सिंह उर्फ हनी निवासी बिरिया फार्म, सिसैया, सितारगंज और निखिल वर्मा उर्फ रानू निवासी केशव नगर, सितारगंज के रूप में हुई है। तलाशी में उनके पास से 12 बोर की 2 पोनिया राइफल, 1 रिवॉल्वर, 2 तमंचे और 344 कारतूस बरामद किए गए।
आरोपियों ने पूछताछ में खुलासा किया कि वे अंतरराज्यीय स्तर पर अवैध हथियारों की सप्लाई करते हैं और उनका जम्मू-कश्मीर तक नेटवर्क फैला हुआ था। उन्होंने कहा कि इस बात से इन्कार नहीं किया जा सकता है कि आरोपियों के तार आपराधिक और गंभीर गतिविधियों से जुड़े हो सकते हैं। गहन जांच की जा रही है।
आरोपियों से पूछताछ में पुलिस को पता चला है कि आरोपी जम्मू कश्मीर में भी हथियारों की आपूर्ति करते थे। जम्मू में वाहिद, वाजिद समेत अन्य लोगों को हथियार उपलब्ध कराते थे। साथ ही यह भी जानकारी मिली कि दोनों आरोपी पुलभट्टा निवासी इंद्रजीत संधु और पवन संधु के माध्यम से यह नेटवर्क चलाते हैं।
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास है और दोनों के खिलाफ सितारगंज कोतवाली में पहले से पांच-पांच मुकदमे दर्ज हैं। इस मामले में कोतवाली सितारगंज में आयुध अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित