बुलावायो , जनवरी 26 -- सेबेस्टियन मॉर्गन (तीन विकेट) की अगुवाई गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन के बाद कप्तान थॉमस रेव (नाबाद 59) की शानदार अर्धशतकीय पारी की बदौलत इंग्लैंड ने सोमवार को अंडर-19 विश्वकप सुपर सिक्स ग्रुप 2 मुकाबले में बंगलादेश को 155 गेंदें शेष रहते सात विकेट से शिकस्त दी। इस हार के साथ ही बंगलादेश के सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें खत्म हो गईं। आज यहां बंगलादेश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी बंगलादेश की टीम इंग्लैंड के गेंदबाजी आक्रमण के आगे अधिक देर तक नहीं टिक सकी और पूरी टीम 38.1 ओवर में 136 पर सिमट गई। बंगलादेश के लिए रिफत बेग ने (31), मोहम्मद अब्दुल्ला (25), अजीजुल हकीम (20), शहरयार अहमद (18) और कलाम सिद्दीकी 10 रन बनाकर आउट हुये। शेष बल्लेबाज दहाई आंकड़े तक भी नहीं पहुंच सके। इंग्लैंड के लिए सेबेस्टियन मॉर्गन ने तीन विकेट लिये। राल्फी अल्बर्ट, मैनी लम्सडेन को दो-दो विकेट मिले। एलेक्स ग्रीन, फरहान अहमद और जेम्स मिंटो ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड ने 24.1 ओवर में तीन विकेट पर 137 रन बनाकर मुकाबला सात विकेट से अपने नाम कर लिया। इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने 39 के स्कोर पर अपने दो विकेट गंवा दिये। जोसेफ मूर्स (एक), बेन डॉकिन्स 27 रन बनाकर आउट हुये। इसके बाद बेन मेयस ने थॉमस रेव के साथ पारी को संभाला और टीम की जीत की ओर ले गये। बेन मेयस 34 रन बनाकर तीसरे विकेट के रूप में आउट हुये। थॉमस रेव ने 50 गेंदों में पांच चौके और दो छक्के लगाते हुए नाबाद 59 रनों की पारी खेली। कैलेब फाल्कनर नौ रन बनाकर नाबाद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित