हरारे , जनवरी 30 -- फैसल शिनोजादा (163 ) की शतकीय और कप्तान महबूब खान (89) की अर्धशतकीय पारियों के बाद अब्दुल अजीज और अकील खान (तीन-तीन विकेट) के दमदार प्रदर्शन की बदौलत अफगानिस्तान ने शुक्रवार अंडर-19 विश्वकप सुपर सिक्स ग्रुप एक मुकाबले में आयरलैंड को 191 रनों से शिकस्त दी।
316 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आयरलैंड की पूरी टीम अफगानिस्तान के गेंदबाजी आक्रमण के आगे 40.4 ओवरों में 124 रन पर सिमट गई। आयरलैंड के लिए मार्को बेट्स ने सर्वाधिक 34 रन बनाये। इसके अलावा रुबेन विल्सन (31), रॉब ओ'ब्रायन (16), जेम्स वेस्ट (15) रन बनाकर आउट हुये। शेष बल्लेबाज दहाई आंकड़े तक भी नहीं पहुंच सके। अफगानिस्तान के लिए अब्दुल अजीज और अकील खान ने तीन-तीन विकेट लिये। नूरीसतानी ओमरजई और रूहुल्लाह अरब ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
इससे पहले आज यहां टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी अफगानिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने तीसरे ही ओवर में खालिद अहमजई (एक) का विकेट गंवा दिया। उन्हें रूबेन विल्सन ने बोल्ड आउट किया। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आये फैसल शिनोजादा ने उस्मान सादत के साथ पारी संभालने का प्रयास किया। इसी दौरान आठवें ओवर में थॉमस फोर्ड ने उस्मान सादत (14) को आउटकर पवेलियन भेज दिया। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये उजैरुल्लाह नियाजई ने शिनोजादा के साथ तीसरे विकेट के लिए 75 रन जोड़े। 22वें ओवर में ओलिवर रिले ने उजैरुल्लाह नियाजई (26) को आउटकर इस साझेदारी को तोड़ा। कप्तान महबूब खान की शिनोजादा के साथ 188 रनों की साझेदारी अफगानिस्तान के लिए बड़ा स्कोर खड़ा करने में मददगार रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित