शाहपुर (कांगड़ा) , जून 13 -- हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के कुठार गांव के युवा मरीन इंजीनियर अंजेश जोशी ने फिलीपींस के सुबिक बे में आयोजित अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित 'आयरनमैन 70.3' एंड्योरेंस रेस को सफलतापूर्वक पूरा कर हिमाचल प्रदेश और पूरे देश का गौरव बढ़ाया है।

उनके यहां पहुंचने पर स्थानीय विधायक केवल सिंह पठानिया ने स्थानीय निवासियों के साथ रैत में उनका भव्य और गर्मजोशी से स्वागत किया। विधायक पठानिया ने अंजेश को पारंपरिक हिमाचली टोपी और शॉल पहनाकर सम्मानित किया और उनकी इस असाधारण उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि अंजेश का समर्पण, दृढ़ता और मजबूत इरादा क्षेत्र के युवाओं के लिए एक प्रेरक उदाहरण है।

अंजेश जोशी ने इस बेहद कठिन और थका देने वाली वैश्विक प्रतियोगिता को महज 6 घंटे, 13 मिनट और 53 सेकंड में पूरा किया। इस शानदार प्रदर्शन के साथ उन्होंने 30 से 34 वर्ष की आयु वर्ग में 52 प्रतिभागियों के बीच 22वां स्थान हासिल किया, जबकि 470 अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगियों की ओवरऑल रैंकिंग में वे 142वें स्थान पर रहे।

गौरतलब है कि 'आयरनमैन 70.3' को दुनिया की सबसे कठिन सहनशक्ति प्रतियोगिताओं में से एक माना जाता है, जिसमें प्रतिभागियों को बिना रुके लगातार 1.9 किलोमीटर की तैराकी, 90 किलोमीटर की साइकिलिंग और फिर 21.1 किलोमीटर की हाफ मैराथन पूरी करनी होती है।

पेशे से मरीन इंजीनियर अंजेश के लिए यह राह आसान नहीं थी, क्योंकि उन्होंने इस महा-प्रतियोगिता की तैयारी समुद्र के बीचों-बीच जहाजों पर काम करने के दौरान की थी। उन्होंने महीनों तक जहाज पर ही ट्रेडमिल और स्टेशनरी साइकिल जैसी सीमित सुविधाओं का उपयोग करके खुद को प्रशिक्षित किया। इसके अलावा, उन्होंने फिलीपींस में अत्यधिक गर्मी, उमस और तेज हवाओं जैसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों पर विजय प्राप्त करते हुए अपनी असाधारण शारीरिक फिटनेस और मानसिक दृढ़ता का लोहा मनवाया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित