धारवाड़ , जून 06 -- अल्पसंख्यक प्रतिनिधित्व को लेकर कांग्रेस सरकार पर दबाव बढ़ाते हुए अंजुमन-ए-इस्लाम ने शनिवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बीजेड जमीर अहमद खान के लिए मंत्रिपद की मांग की। इसके साथ ही संगठन ने कर्नाटक मंत्रिमंडल में मुस्लिमों को अधिक प्रतिनिधित्व देने का आह्वान किया।

यहां आयोजित पत्रकार सम्मेलन में संगठन के नेताओं ने नयी सरकार के मंत्रियों की पहली सूची से श्री जमीर को बाहर रखे जाने पर गहरी नाराजगी जतायी। उन्होंने इसे उस समुदाय के साथ अन्याय बताया, जो कांग्रेस का दृढ़ समर्थक रहा है।

अंजुमन-ए-इस्लाम के उपाध्यक्ष भसीर अहमद जहागीरदार ने कहा कि मुस्लिम समुदाय को कैबिनेट में उचित प्रतिनिधित्व की उम्मीद थी। उन्होंने कांग्रेस आलाकमान से श्री जमीर को तुरंत मंत्रिमंडल में शामिल करने का आग्रह किया। उन्होंने सरकार में और अधिक मुस्लिम विधायकों को शामिल करने की भी मांग की और दलील दी कि पिछड़े वर्ग, अल्पसंख्यक और अन्य वंचित तबके पार्टी के मुख्य जनाधार हैं।

संगठन ने आरोप लगाया कि पार्टी में लंबे समय से दिये गये योगदान और अल्पसंख्यक मतदाताओं के बीच उनके प्रभाव के बावजूद श्री जमीर को दरकिनार करने का प्रयास किया जा रहा है।

समुदाय के नेताओं ने चेतावनी दी कि अल्पसंख्यकों की आकांक्षाओं की लगातार अनदेखी करने से कांग्रेस समर्थकों में नाराजगी पैदा हो सकती है।

यह मांग ऐसे समय में की गयी जब पूरे कर्नाटक के मुस्लिम धार्मिक और राजनीतिक नेता सरकार में बेहतर प्रतिनिधित्व के लिए चौतरफा दबाव बना रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित