मुंबई , अक्टूबर 18 -- भोजपुरी सिनेमा के दर्शकों के लिए अक्टूबर में तीन फिल्मों का डिजिटल प्रीमियर होने जा रहा है। एडवाइज भोजपुरी सिनेमा के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर अभिनेत्री अंजना सिंह अभिनीत 'पतोहिया हंटरवाली' के साथ 'मोटकी दुल्हनिया 3' और 'नारी' का वर्ल्ड डिजिटल प्रीमियर किया जाएगा। तीनों फिल्मों में सामाजिक सरोकार, पारिवारिक रिश्तों और महिला सशक्तिकरण जैसे विषयों को प्रमुखता दी गई है।
रेनू विजय फिल्म्स एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनी 'पतोहिया हंटरवाली' में अंजना सिंह अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने वाली बहू की भूमिका में नजर आएंगी। फिल्म के निर्माता डॉ. संदीप उज्ज्वल और सुशांत उज्ज्वल हैं, जबकि निर्देशन रवि सिन्हा ने किया है। फिल्म में रवि त्रिपाठी, प्रियांशु सिंह, पुष्पेंद्र, सोनिया मिश्रा, अनूप अरोड़ा, धामा वर्मा, गोपाल चौहान और जे नीलम सहित अन्य कलाकार हैं।
आर-विजन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड की प्रस्तुति 'मोटकी दुल्हनिया 3' के निर्माता रविंद्र सिंह और निर्देशक रितेश ठाकुर हैं। फिल्म में नेहा श्री और विक्रांत सिंह राजपूत मुख्य भूमिकाओं में हैं। विशाल पांडेय की लिखी इस फिल्म में रिश्तों, प्यार और भावनाओं के महत्व को रेखांकित किया गया है। फिल्म का संदेश है कि इंसान की असली खूबसूरती उसके चेहरे से नहीं, बल्कि उसके व्यवहार और दिल से पहचानी जाती है।
वहीं, विश्वमूर्ति फिल्म्स प्रोडक्शन की एक्शन ड्रामा फिल्म 'नारी' में संजना पांडेय और गौरव झा प्रमुख भूमिकाओं में हैं। संजय पांडेय और देवेंद्र बंसल निर्मित इस फिल्म में महिलाओं के संघर्ष, साहस और आत्मसम्मान की कहानी प्रस्तुत की गई है। फिल्म का संगीत मुन्ना दुबे ने तैयार किया है।
तीनों फिल्मों के डिजिटल प्रीमियर की अलग-अलग तारीखों और समय की आधिकारिक जानकारी एडवाइज भोजपुरी सिनेमा के यूट्यूब चैनल पर जारी की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित