शामली , सितंबर 02 -- भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत ने हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान के हत्यारोपितों के एनकाउंटर पर सवाल उठाते हुए बुधवार को कहा कि पुलिस को बदमाशों से कम से कम पूछताछ करनी चाहिए थी, ताकि हत्याकांड के कारणों और अन्य पहलुओं की जानकारी मिल सकती।
श्री टिकैत ने कहा कि पुलिस को इस मामले में वाहवाही लूटने की जरूरत नहीं थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है और प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने में भी पूरी तरह विफल साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि जिस तरह अंकित बालियान की हत्या हुई, वह बड़ी घटना है। हत्याकांड के बाद लोगों में भारी आक्रोश था और व्यापक विरोध भी हुआ, लेकिन एनकाउंटर से पहले पुलिस को आरोपितों से पूछताछ करनी चाहिए थी कि उन्होंने हत्या को क्यों अंजाम दिया।
भाकियू अध्यक्ष ने पुलिस से हत्याकांड के अन्य आरोपितों को भी जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। उन्होंने अंकित के पिता सतबीर फौजी से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। अंकित बालियान के पिता सतबीर सिंह बालियान ने कहा कि वह पुलिस की कार्रवाई से पूरी तरह संतुष्ट हैं। उन्होंने बताया कि शामली के पुलिस अधीक्षक और जिलाधिकारी उनसे मिल चुके हैं और उन्होंने अधिकारियों को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी है।
श्री बालियान ने कहा कि उन्होंने बदमाशों के चेहरे वीडियो और तस्वीरों में देखे थे और एनकाउंटर की कार्रवाई से वह संतुष्ट हैं। उन्हें भरोसा है कि पुलिस आगे भी इस मामले में कड़ी कार्रवाई करेगी।
एनकाउंटर को लेकर विपक्ष और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की ओर से सवाल उठाए जाने के संबंध में उन्होंने कहा कि जो लोग एनकाउंटर पर सवाल खड़े कर रहे हैं, उनका उनके परिवार से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा कि वह इस विषय पर ज्यादा कुछ नहीं कहना चाहते, लेकिन पुलिस की कार्रवाई से संतुष्ट हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित