हरिद्वार , जनवरी 16 -- उत्तराखंड के बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में एक बार फिर अहम मोड़ सामने आया है। मामले से जुड़े वायरल ऑडियो क्लिप और कथित वीआईपी कनेक्शन की जांच के क्रम में अभिनेत्री उर्मिला सनावर ने शुक्रवार को हरिद्वार के रोशनाबाद स्थित अदालत में अपना मोबाइल फोन विधिवत रूप से जमा कर दिया। यह मोबाइल फोन अब विशेष जांच टीम (एसआईटी) द्वारा फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा।

सूत्रों के अनुसार, उक्त मोबाइल फोन से वायरल हुए ऑडियो रिकॉर्डिंग तथा अन्य डिजिटल साक्ष्यों की सत्यता की जांच की जानी है। माना जा रहा है कि फॉरेंसिक रिपोर्ट से ऑडियो क्लिप की प्रमाणिकता, रिकॉर्डिंग की तिथि, समय और उसमें किसी प्रकार की छेड़छाड़ होने या न होने की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

उल्लेखनीय है कि उर्मिला सनावर ने बीते दिनों सोशल मीडिया पर कुछ ऑडियो क्लिप साझा किए थे, जिनमें कथित तौर पर एक वीआईपी का नाम लिए जाने का दावा किया गया था। इन क्लिपों के सार्वजनिक होने के बाद प्रदेश की राजनीति में भी हलचल तेज हो गई थी और मामले की गहन जांच की मांग उठने लगी थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित