नयी दिल्ली , अक्टूबर 15 -- लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने अंकिता भंडारी हत्या मामले को लेकर गुरुवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को पत्र लिखकर दुष्यंत गौतम की सिक्किम के राज्यपाल के पद पर नियुक्ति पर पुनर्विचार करने की अपील की है।

श्री गांधी ने पत्र में राष्ट्रपति से आग्रह किया कि मामले की जांच पूरी होने तक दुष्यंत गौतम को पदभार ग्रहण करने की अनुमति न दी जाये। उन्होंने कहा कि 19 वर्षीय अंकिता भंडारी ने एक वीआईपी के लिए अपनी गरिमा से समझौता करने से इनकार कर दिया था, जिसके कारण उसकी हत्या कर दी गयी। चार साल बाद भी सीबीआई की जांच में देरी के चलते यह सवाल बना हुआ है कि आखिर वह वीआईपी कौन था। उन्होंने कहा कि अंकिता के परिवार सहित कई लोग मानते हैं कि दुष्यंत गौतम इस मामले से जुड़े हुए हैं। ऐसे में उनकी सिक्किम के राज्यपाल के रूप में नियुक्ति से वह स्तब्ध हैं।

उन्होंने पत्र में यह भी दावा किया कि राज्यपाल के पद पर रहते हुए उनके खिलाफ आपराधिक कार्रवाई नहीं हो सकती। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि दुष्यंत गौतम की नियुक्ति की सलाह देकर उन्होंने साबित किया है कि उन्हें महिलाओं की सुरक्षा की कोई परवाह नहीं है। उन्होंने राष्ट्रपति से इस नियुक्ति पर पुनर्विचार करने और अंकिता के माता-पिता को न्याय मिलने की उम्मीद बनाये रखने की अपील की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित